मड़ियादो दमोह। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को मड़ियादो में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ उप तहसील कार्यालय से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली विद्यार्थी और पुलिसकर्मी यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों और ग्रामीणों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।













