लगातार बारिश से पककर तैयार फसल बर्बादी की ओर, खलिहान में रखी उपज भी नहीं बची
मड़ियादो। लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। खेतों में पककर तैयार खड़ी उड़द की फलियों में ही दाने अंकुरित होने लगे हैं। कई किसानों के सामने अब तैयार फसल को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।बारिश के कारण खेतों में नमी लगातार बनी हुई है। इसका सीधा असर उड़द की फसल पर दिखाई दे रहा है। किसानों के मुताबिक, खेत में खड़ी फसल तो खराब हो ही रही है, वहीं काटकर खलिहान में रखी उड़द भी नमी और बारिश की मार से खराब होने लगी है।
किसानों की चिंता बढ़ी, सर्वे की मांग
लगातार बारिश जारी रहने पर नुकसान और बढ़ने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराने और फसल नुकसान के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।













