हर 10-20 मिनट में ट्रिपिंग से सिंचाई प्रभावित, किसानों ने विद्युत विभाग को सौंपा आवेदन
**मड़ियादो, दमोह।** मड़ियादो क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती और ट्रिपिंग से परेशान किसानों ने विद्युत विभाग से कृषि कार्य के लिए 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। किसानों एवं क्षेत्रवासियों ने 27 अक्टूबर को विभागीय अधिकारियों को आवेदन सौंपकर मड़ियादो फीडर को कनकपुरा लाइन से अलग करने की मांग उठाई। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी भी दी है।
' '
किसानों ने आवेदन में बताया कि वर्तमान में हर 10 से 20 मिनट में बिजली ट्रिपिंग और कटौती होने से निर्धारित अवधि तक बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है। बार-बार बिजली आने-जाने से मोटर और पंपों को नुकसान होने की आशंका भी बनी रहती है। किसानों के अनुसार, बुवाई के सीजन में बिजली की अनियमित आपूर्ति से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ रहा है।
लंबी बिजली लाइन को बताया समस्या की वजह
किसानों का कहना है कि मड़ियादो से कनकपुरा तक बिजली लाइन लंबी होने के कारण बार-बार फॉल्ट की समस्या आती है। उन्होंने तकनीकी सुधार कर मड़ियादो फीडर को अलग करने की मांग की है, ताकि बिजली आपूर्ति में सुधार हो सके और किसानों को राहत मिले।
खराबी के समय की भरपाई की मांग
आवेदन में किसानों ने मांग की है कि कृषि कार्य के लिए कम से कम 10 घंटे बिजली दी जाए। आपूर्ति के दौरान तकनीकी खराबी या फॉल्ट आने पर सुधार में लगने वाले अतिरिक्त समय की भरपाई की जाए, ताकि किसानों को 10 घंटे की निर्धारित बिजली मिल सके। साथ ही बार-बार होने वाली अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए।
### समाधान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन किसानों ने विद्युत विभाग से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि बुवाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली की अनियमितता से किसानों की परेशानी बढ़ रही है। यदि जल्द ही संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन और चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।













