समावेशी निर्वाचन के लिए सबका साथ, विश्वास और प्रयास जरूरी – राज्यपाल
राज्यपाल ने 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान किए
भोपाल :
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि मतदाताओं में जागरूकता पैदा करने तथा मतदान प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर सुचारु रूप से सम्पन्न कराना राष्ट्र सेवा का पवित्र कार्य है। इस दिशा में निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को समावेशी और सुगम बनाने के लिए सबके साथ, विश्वास और प्रयासों की जरूरत बताते हुए कोशिश की पराकाष्ठा का आव्हान किया है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल कुशाभाऊ ठाकरे कंवेंशन सेंटर में आयोजित 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जन को मतदाता शपथ दिलाई। निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी स्तरों के अधिकारी-कर्मचारी और आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। नवीन मतदाताओं को ईपिक कार्ड का वितरण किया। आयोग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। कॉफी टेबल बुक लोकतंत्र के रंग का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार के विडियो संदेश का प्रसारण भी किया गया।











