मड़ियादो। दमोह ग्राम पंचायत मड़ियादो अंतर्गत वार्ड 12 से 15 की अधूरी ग्रेवल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर दिखा। बड़ी संख्या में लोगों ने ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए सड़क सुधार की मांग की, जिससे मार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपए खर्च कर बनाई गई सड़क नियमों को ताक पर रखकर बनाई गई है। बारिश के मौसम में मार्ग दलदल में बदल जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि रामकरन अहिरवार व सचिव धुन सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए 15 दिनों में सड़क सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।













