हटा,दमोह.एमपी। जनपद पंचायत हटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार उपलब्ध नहीं होने के कारण मजदूर वर्ग खासा परेशान है। हालात ऐसे है की गांवो में आधी से अधिक आबादी पालन कर बड़े शहरों और महानगरों में मजदूरी कर रहे हैं।
सबसे खराब हालत वानाचाल क्षेत्र के मजदूरों का है, क्षेत्र की ग्राम पंचायत घोघरा, चौरईया, रजपुरा, दमोतीपुरा, नारायणपुरा, घोघरा, बछामा, पाली, पाठा, निवास, मादो, मलवारा, बर्धा वा मड़ियादो सहित ग्रामों से बड़ी संख्या में गरीब मजदूर परिवार दो वक्त की रोटी कमाने पलायन कर गए हैं।
सिर पर गट्ठा ढो कर लकड़ी बेच रही महिलाएं
रोजगार के अभाव में जहां एक ओर लोग पलायन कर गए हैं, तो वहीं जो गांवो में रहे सहे परिवार बच गए हैं उन परिवारों में सैकड़ों महिलाएं 10 से 15 किमी दूर पैदल चलकर सिर पर गट्ठा लाद जलाऊ लकड़ी बेच कर घर परिवार का भरण पोषण कर रही है। दिन भर में यह महिलाएं हाड़ तोड़ मेहनत के बाद महज़ 100 से 125 रुपए ही कमा पाती है।
महिला राजकुमारी आदिवासी, बड़ी बहू आदिवासी, नीता आदिवासी की माने तो सुबह से जंगल जाते है फिर लकड़ी एकत्र कर मड़ियादो सहित आस पास के गांवों जाकर उसे बेचते है तब कही सौ सवा सौ रुपए मिल पाते है जो मंहगाई के हिसाब से कुछ भी नहीं है। लेकिन क्या करे मजबूरी है गांव में पंचायत स्तर पर रोजगार उपलब्ध नहीं है। बच्चों को पालने बस एक मात्र यही जरिया है।













